-एसकेएमसीएच से नाबालिग का अपहरण, मोतिहारी ले जाकर दुष्कर्म; आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर । श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) परिसर से नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, बच्ची अपने बीमार पिता के इलाज के लिए अस्पताल में मौजूद थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने खुद को उसके ननिहाल का रिश्तेदार बताकर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोपी बच्ची को मोतिहारी के छतौनी थाना क्षेत्र स्थित अपने किराये के कमरे में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
नगर पुलिस अधीक्षक मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि 20 सितंबर को परिजनों ने बच्ची के लापता होने और अपहरण की शिकायत एसकेएमसीएच ओपी में दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टाउन-2 एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध व्यक्ति बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया।

तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान सोनू कुमार सिंह के रूप में की। वह पूर्वी चंपारण के केसरिया का रहने वाला है और छतौनी थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रहता था। पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बच्ची किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर अस्पताल वापस पहुंची, जिसके बाद उसने परिजनों और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सीय जांच के लिए भेज दिया है। मामले में एफएसएल टीम भी वैज्ञानिक और फोरेंसिक साक्ष्य जुटा रही है। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शादीशुदा और दो बेटियों का पिता है।
सिटी एसपी ने लोगों से अपील की है कि अस्पताल या किसी सार्वजनिक स्थान पर बच्चों को अकेला न छोड़ें और उन्हें अनजान लोगों के बहकावे, लालच या झांसे में न आने के प्रति जागरूक करें। पुलिस ने मामले में स्पीडी ट्रायल के माध्यम से आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की बात कही है।











