-इंस्टाग्राम पर दोस्ती, निकाह का झांसा और अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग का आरोप, मुजफ्फरपुर में नाबालिग ने दर्ज कराई FIR
मुजफ्फरपुर। काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम के जरिए नाबालिग से दोस्ती कर निकाह का झांसा देने, अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल कर रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक और उसके पिता के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।
पीड़िता के अनुसार, इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी एक युवक से जान-पहचान हुई थी। आरोप है कि युवक ने उसे निकाह का झांसा देकर अपने विश्वास में लिया और बाद में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान उसकी अश्लील वीडियो रिकॉर्ड किए जाने का आरोप है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वीडियो डिलीट करने की गुहार लगाने के बाद आरोपी पक्ष की ओर से कथित तौर पर उसे होटल आने के लिए दबाव दिया गया। इसके बाद दो लाख रुपये की मांग किए जाने का आरोप है। डर के कारण पीड़िता ने अपनी मां की सोने की बाली बेचकर मिले करीब 70 हजार रुपये आरोपियों को देने की बात पुलिस को बताई है।
आरोप है कि रुपये लेने के बाद भी वीडियो डिलीट नहीं किया गया। इसके बजाय पीड़िता के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर कथित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया।
मामला टाउन डीएसपी सुरेश कुमार के संज्ञान में आने के बाद पीड़िता की शिकायत पर काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में युवक और उसके पिता के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपों से जुड़े साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।













