-राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर पुराने ट्रैफिक चालानों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू
मुजफ्फरपुर। 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर मुजफ्फरपुर में ट्रैफिक और परिवहन विभाग से जुड़े पात्र पुराने चालानों के निपटारे की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लोक अदालत में वाहन मालिकों को पुराने चालानों का रियायती राशि पर निपटारा कराने का अवसर मिलेगा। इसके लिए शनिवार से चालानों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के एरिया बिल्डिंग में पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोग अपने पुराने ट्रैफिक चालानों का सत्यापन कराने पहुंचे। लोगों की सुविधा के लिए 5 सितंबर से 11 सितंबर तक ट्रैफिक और परिवहन विभाग के अलग-अलग काउंटर लगाए गए हैं।

इन काउंटरों पर संबंधित चालानों की जांच और उनकी पात्रता का सत्यापन किया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव तेज कुमार प्रसाद ने वाहन मालिकों से अपील की है कि लोक अदालत में चालान का निपटारा कराने से पहले निर्धारित अवधि के भीतर उसका सत्यापन जरूर करा लें। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही 12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में भुगतान की कार्रवाई की जा सकेगी।
राष्ट्रीय लोक अदालत के दिन 12 सितंबर को सिकंदरपुर स्टेडियम में पेमेंट काउंटर लगाए जाएंगे। सत्यापित चालान वाले वाहन मालिक यहां लोक अदालत के तहत निर्धारित रियायती राशि जमा कर अपने पुराने चालानों का निपटारा करा सकेंगे।
इस प्रक्रिया से पुराने ट्रैफिक चालानों के मामलों में वाहन मालिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, रियायती राशि पर चालान का निपटारा कराने के लिए समय सीमा के भीतर सत्यापन कराना जरूरी होगा।













