-आशा कार्यकर्ताओं की हड़ताल से बंदरा सीएचसी की स्वास्थ्य सेवाएं बाधित, पुलिस की मौजूदगी में 3 घंटे चली OPD
मुजफ्फरपुर। जिले के बंदरा प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शनिवार को आशा कार्यकर्ताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला। हड़ताल के कारण ओपीडी सेवा बाधित रही, जिससे इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मरीज बिना इलाज कराए वापस लौट गए, जबकि कई परिजन डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे।
हड़ताल के दौरान प्रदर्शनकारी आशा कार्यकर्ताओं ने सीएचसी के मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। कुछ समय के लिए बाहरी लोगों की अस्पताल में एंट्री भी बाधित रही। इस दौरान मरीजों के परिजनों और प्रदर्शनकारी आशा कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। आशा कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर उनके साथ अभद्र एवं अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन कर रहीं आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक उनका अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगा। उनका आरोप था कि सीएचसी प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल नहीं कर रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।

स्थिति तनावपूर्ण होने पर सीएचसी प्रभारी डॉ. नौशाद अहमद ने पियर थाना एवं डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आशा कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया।समझाइस के बाद पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में करीब तीन घंटे तक ओपीडी सेवा संचालित कराई गई, जिसके बाद अस्पताल की व्यवस्था सामान्य हो सकी।
सीएचसी प्रभारी डॉ. नौशाद अहमद ने बताया कि हड़ताल के दौरान तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी और समझाइश के बाद स्थिति नियंत्रण में आई तथा मरीजों के इलाज के लिए ओपीडी सेवा दोबारा सुचारु रूप से शुरू कराई गई। करीब 3 घण्टे तक पुलिस यहां कैम्प करती रही। करीब 11 बजे से 2 बजे तक पुलिस की मौजूदगी में ओपीडी चलाया गया।उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन स्वास्थ्य सेवाएं बाधित नहीं होने देने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।वहीं आशा प्रतिनिधियों ने ऐसी स्थिति में आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी है।












