Advertisement

अहियापुर से 10 वर्षीय छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पुलिस तलाश में जुटी

-अहियापुर से 10 वर्षीय छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पुलिस तलाश में जुटी

मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के दादर कोल्हुआ पैगंबरपुर वार्ड संख्या-09 से 10 वर्षीय छात्र देवा कुमार संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। घटना 18 सितंबर की शाम करीब छह बजे की बताई जा रही है। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का सुराग नहीं मिलने पर उसकी मां सुमन देवी ने अहियापुर थाने में लिखित शिकायत देकर बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
परिजनों के अनुसार, देवा शाम के समय घर में सोया हुआ था। नींद खुलने के बाद वह बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गया। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की।

इसके बाद रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। अंत में परिजनों ने अहियापुर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
लापता छात्र की लंबाई करीब साढ़े तीन फीट बताई गई है। घटना के समय उसने गहरे रंग की हाफ टी-शर्ट और काई (ऑलिव ग्रीन) रंग की हाफ जींस पहन रखी थी। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद बच्चे की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में पूछताछ के साथ संभावित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए विभिन्न स्तरों पर जांच कर रही है।