Advertisement

अश्लील और द्विअर्थी गानों पर पुलिस सख्त,भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट पर भी कार्रवाई

-अश्लील और द्विअर्थी गानों पर पुलिस सख्त,भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट पर भी कार्रवाई

मुजफ्फरपुर। जिले में सार्वजनिक स्थानों और वाहनों में अश्लील, द्विअर्थी व फूहड़ गानों के प्रसारण तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ऐसे कंटेंट पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में साइबर थाने में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, बस, ऑटो, ट्रक और सार्वजनिक समारोहों में कई बार द्विअर्थी और अश्लील गाने बजाए जाते हैं। सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की सामग्री के प्रसारण से महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा प्रभावित होने के साथ बच्चों और युवाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक वाहनों और स्थानों पर फूहड़ सामग्री के प्रसारण पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


वहीं, साइबर थाने में सोशल मीडिया पर भ्रामक, अश्लील और क्षेत्रीय समूहों के बीच वैमनस्य बढ़ाने वाले पोस्ट को लेकर भी दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस ऐसे पोस्ट की सामग्री, उसके प्रसार और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। बिहार की भाषा, बोली और संस्कृति को लेकर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने तथा इससे सामाजिक तनाव पैदा करने वाले पोस्ट को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
पुलिस प्रशासन ने सार्वजनिक वाहनों और स्थानों पर द्विअर्थी भोजपुरी या अन्य फूहड़ गाने बजाने पर सख्ती के निर्देश दिए हैं। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति के साथ वाहन चालक और वाहन मालिक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की जा सकती है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहन के साथ साउंड सिस्टम और अन्य उपकरण जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होने वाले भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट की निगरानी भी बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय सामग्री के प्रसारण पर रोक लगाने के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से फैलायी जा रही भ्रामक और तनाव पैदा करने वाली सामग्री के खिलाफ कार्रवाई करना है।