Advertisement

अवैध टोल का विरोध करना पड़ा भारी: स्वास्थ्य कर्मी के परिवार से मारपीट, महिला को घसीटा, सोने की चेन छीनी

-अवैध टोल का विरोध करना पड़ा भारी: स्वास्थ्य कर्मी के परिवार से मारपीट, महिला को घसीटा, सोने की चेन छीनी

मुजफ्फरपुर। दरभंगा रोड स्थित एनएच-27 पर अवैध टोल वसूली का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। हनुमान कट से पुरानी दरभंगा रोड होते हुए जारंग गांव से मैठी चौक तक जाने वाले मार्ग पर कथित तौर पर अवैध बैरिकेडिंग कर वसूली की जा रही है। विरोध करने पर अब राहगीरों के साथ मारपीट और छिनतई की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं।

ताजा घटना गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित स्वास्थ्य कर्मी के अनुसार वे जारंग से अपने परिवार के साथ जीरो माइल लौट रहे थे। इसी दौरान मैठी चौक के समीप अवैध रूप से बैरिकेडिंग कर खड़े टोल कर्मियों ने उनकी गाड़ी रोक ली और पैसे की मांग करने लगे।

स्वास्थ्य कर्मी ने जब अवैध वसूली का विरोध किया तो टोल कर्मियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और दबंगों ने गाड़ी में बैठी महिला को जबरन खींचकर बाहर निकाल दिया। महिला के साथ बदसलूकी की गई। वहीं विरोध करने पर उनके बेटे को भी गाड़ी से नीचे उतारकर बेरहमी से पीटा गया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि मारपीट के दौरान बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन भी छीन ली और धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद मौके पर पहुंची हाईवे मोबाइल टीम को पीड़ितों ने पूरी जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि टीम ने तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की और थाना जाकर शिकायत करने की सलाह देकर लौट गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-27 के इस हिस्से में लंबे समय से अवैध टोल वसूली का खेल चल रहा है। कई बार शिकायत और विरोध के बावजूद प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने से टोल कर्मियों और असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने अवैध बैरिकेडिंग हटाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।