Advertisement

अरेराज में व्यवहार न्यायालय के लिए जमीन का किया निरीक्षण, डीएम व एसपी सहित जज भी पहुंचे

-अरेराज में व्यवहार न्यायालय के लिए जमीन का किया निरीक्षण, डीएम व एसपी सहित जज भी पहुंचे

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

पूर्वी चंपारण जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभिषेक कुमार दास के साथ जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल, एसपी स्वर्ण प्रभात और जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने आज अरेराज नगर क्षेत्र का दौरा कर व्यवहार न्यायालय के लिए प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया।

इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अरेराज और अंचल अधिकारी अरेराज भी मौजूद रहे। टीम ने प्रस्तावित जमीन की भौगोलिक स्थिति, क्षेत्रफल, पहुंच मार्ग, वर्तमान उपयोग, सीमांकन और भूमि अर्जन से जुड़े बिंदुओं का स्थल पर अवलोकन किया। संबंधित पदाधिकारियों ने जमीन की पूरी जानकारी दी और न्यायालय परिसर की स्थापना के लिए उसकी उपयुक्तता का आकलन किया।

निरीक्षण के बाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि अरेराज में व्यवहार न्यायालय की स्थापना की प्रक्रिया नियमों के अनुसार आगे बढ़ सके।

-जिले के 5 अनुमंडलों में बनेगा कोर्ट

जानकारी के अनुसार मोतिहारी अनुमंडल को छोड़कर पूर्वी चंपारण के बाकी 5 अनुमंडल – रक्सौल, ढाका, चकिया, अरेराज और पकड़ीदयाल में अनुमंडल कोर्ट का निर्माण होना है। इसके लिए प्रत्येक अनुमंडल में 6 एकड़ जमीन चाहिए। इसी कड़ी में आज अरेराज अनुमंडल की प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया गया।