-अक्षयवट राय नगर स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव पर खुशी, सांसद चिराग पासवान के प्रति प्रखंडवासियों ने जताया आभार
राजापाकर (वैशाली)/संजय श्रीवास्तव।
अक्षयवट राय नगर रेलवे स्टेशन पर विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की बहाली पर राजापाकर प्रखंडवासियों में हर्ष की लहर है। लोगों ने इस महत्वपूर्ण सुविधा को पुनः उपलब्ध कराने के लिए सांसद चिराग पासवान के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद और बधाई दी।
प्रखंडवासियों ने बताया कि यह लंबे समय से लंबित मांग थी, जो अब पूरी हो गई है। कोरोना काल में एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बंद हो जाने के कारण स्थानीय यात्रियों को हाजीपुर या पटना जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती थी, जिससे काफी दिक्कतें होती थीं। अब ट्रेनों के फिर से स्थानीय स्टेशन पर रुकने से उन्हें राहत मिली है।

विशेष रूप से बलिया-सियालदह एक्सप्रेस, अमृतसर-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस और लोहित एक्सप्रेस के ठहराव से न केवल कोलकाता जाने वाले यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि पंजाब, हरियाणा जैसे राज्यों में कार्यरत मजदूर वर्ग को भी अब अपने निकटतम स्टेशन से ही यात्रा करने का अवसर मिलेगा।
इस उपलब्धि पर पूर्व जदयू प्रखंड प्रवक्ता राम अवतार साह, महेंद्र गुप्ता, ओंकार नाथ गुप्ता, अनिल कुमार, ओमनाथ गुप्ता, सत्येंद्र साह, तपसी प्रसाद सिंह, नथुनी प्रसाद सिंह, राजीव रंजन, रंजन यादव सहित कई स्थानीय नागरिकों ने खुशी जताई और सांसद के प्रयासों की सराहना की।
लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी और क्षेत्रीय विकास की दिशा में इसी तरह ठोस पहल होती रहेगी।












