-अंत्योदय के संकल्प के साथ मनाई गई पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती
दीपक कुमार/गायघाट/मुजफ्फरपुर। गायघाट पश्चिमी मंडल के बाघाखाल में भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं राष्ट्रवादी चिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती गुरुवार को अंत्योदय दिवस के रूप में मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राघवेन्द्र कुमार सिंह ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष राघवेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याण की धारा पहुंचाना ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय विचार का मूल उद्देश्य था। उन्होंने कहा कि अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचने पर ही अंत्योदय के लक्ष्य को सार्थक माना जा सकता है।

उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचारों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। जयंती के अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
गायघाट पश्चिमी मंडल की विभिन्न पंचायतों में भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। मौके पर पूर्व मंडल अध्यक्ष बिपिन सिंह, हरिवंश प्रसाद सिंह, अरविंद कुमार अविचल, सरोज सिंह, विक्रम कुमार, चंदन सिंह, वसंत सिंह, नवल किशोर सिंह, विजय सिंह, नंद किशोर सिंह, चंचल सिंह, विनय कुमार सिंह, अशोक कुमार अमीन, हितेश कुमार, रोहित कुमार, अजय कुंवर, अनिल चौधरी, प्रभात कुमार, संजय दिवाकर, राम नरेश सिंह, ललन सिंह, रावन पासवान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।












