Advertisement

UGC-NET जून 2026 में शिवम् कुमार ने लहराया सफलता का परचम, पहले प्रयास में हासिल की Ph.D. की अर्हता

-UGC-NET जून 2026 में शिवम् कुमार ने लहराया सफलता का परचम, पहले प्रयास में हासिल की Ph.D. की अर्हता

पूसा/समस्तीपुर, 30 अगस्त। उमा पाण्डेय महाविद्यालय, पूसा, समस्तीपुर के पूर्व छात्र एवं वर्तमान में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) के हिंदी विभाग में स्नातकोत्तर के छात्र शिवम् कुमार ने UGC-NET जून 2026 परीक्षा में हिंदी विषय से सफलता हासिल की है। उन्होंने 300 में से 142 अंक प्राप्त कर 81.7790419 पर्सेंटाइल हासिल किया और Ph.D. में प्रवेश के लिए अर्हता प्राप्त की।
राष्ट्रीय स्तर की इस परीक्षा में अपने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर शिवम् कुमार ने अपनी मेहनत, लगन और अध्ययन के प्रति प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। मुजफ्फरपुर जिले के बसंतपुर बखरी निवासी शिवम् के पिता मनोज कुमार ठाकुर एवं माता मनिता देवी हैं। ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता हासिल करना उनके परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।
शिवम् की सफलता पर उनके शिक्षक एवं उमा पाण्डेय महाविद्यालय के हिंदी के सहायक प्राध्यापक डॉ. वृन्दावन लाल जाटव ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिवम् एक मेधावी, अध्ययनशील, जिज्ञासु एवं संवेदनशील विद्यार्थी रहे हैं। हिंदी साहित्य के प्रति उनकी रुचि, निरंतर अध्ययन और सामाजिक सरोकारों के प्रति सजगता उल्लेखनीय रही है। उन्होंने कहा कि UGC-NET जैसी राष्ट्रीय परीक्षा में पहले प्रयास में सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम है। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शिवम् की उपलब्धि प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिवम् आगे शोध एवं अकादमिक क्षेत्र में बेहतर मुकाम हासिल करेंगे तथा अपने अगले प्रयास में JRF भी प्राप्त करेंगे।


उमा पाण्डेय महाविद्यालय, पूसा के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. भवेश कुमार शांडिल्य, प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार यादव, डॉ. प्रियंका कुमारी, डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. मुकेश महतो, डॉ. विनीत विमल, डॉ. राजेश रंजन, डॉ. अशोक कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने शिवम् कुमार की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने कहा कि शिवम् की यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए गौरव की बात है और उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
वहीं, इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) के जिला सचिव सह पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी रौशन कुमार ने भी शिवम् कुमार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिवम् की सफलता ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले छात्र-युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिवम् आने वाले समय में JRF हासिल कर शोध के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाएंगे।
रौशन कुमार ने बताया कि शिवम् कुमार ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की उमा पाण्डेय महाविद्यालय इकाई के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं और कवि के रूप में साहित्यिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। शिक्षा और साहित्य के प्रति उनकी सक्रियता ने उन्हें छात्र-युवाओं के बीच अलग पहचान दिलाई है। शिवम् की सफलता पर उनके परिवार, शिक्षकों, सहपाठियों, आइसा साथियों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।