Advertisement

CNG लदी गाड़ी में गैस रिसाव के बाद जोरदार धमाका, हल्दी कल्याणी चौक पर मची अफरा-तफरी

-CNG लदी गाड़ी में गैस रिसाव के बाद जोरदार धमाका, हल्दी कल्याणी चौक पर मची अफरा-तफरी

मुजफ्फरपुर/मोतीपुर। जिले के मोतीपुर प्रखंड अंतर्गत कथैया थाना क्षेत्र के मोतीपुर-सरैया मार्ग स्थित हल्दी कल्याणी चौक के समीप रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क से गुजर रही एक सीएनजी लदी गाड़ी से अचानक तेजी से गैस का रिसाव शुरू हो गया। इसी दौरान वाहन से जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए और अपने घरों से बाहर निकल आए।

घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बनी रही। सूचना मिलते ही कथैया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

बताया गया कि वाहन में लगे वॉल्व के खुले होने के कारण गैस का रिसाव हो रहा था। पुलिस की मौजूदगी में चालक ने वाहन के खुले वॉल्व को बंद किया। वॉल्व बंद होते ही गैस का रिसाव रुक गया, जिसके बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

स्थिति सामान्य होने के बाद पुलिस ने सीएनजी लदी गाड़ी को सुरक्षित तरीके से उसके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया। घटना के कारण मोतीपुर-सरैया मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। गैस रिसाव बंद होने के बाद पुलिस ने यातायात को पुनः सुचारू कराया।

स्थानीय लोगों ने लगातार सामने आ रही गैस रिसाव की घटनाओं को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की स्थिति उत्पन्न न हो।

मुजफ्फरपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग पर भी हाल के दिनों में गैस रिसाव की घटनाएं सामने आने का दावा किया गया है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से गैस परिवहन करने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और फिटनेस की जांच कराने की मांग की है।

फिलहाल कथैया थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।