-CM सम्राट चौधरी ने किया बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण, डुमरिया घाट पर लिया जायजा
मोतिहारी , राजन द्विवेदी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज वैशाली, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने गोपालगंज के डुमरिया घाट पर गंडक नदी के बढ़े जलस्तर का स्थल निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बताया कि डुमरिया घाट पर गंडक खतरे के निशान से डेढ़ मीटर ऊपर बह रही है और रात में 50 सेंटीमीटर और बढ़ने की आशंका है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि संवेदनशील और निचले इलाकों की लगातार निगरानी हो और राहत-बचाव में कोई शिथिलता न बरती जाए। प्रभावित लोगों तक समय पर भोजन, राहत सामग्री पहुंचाई जाए। जल संसाधन विभाग तटबंधों की सतत निगरानी करे और नाइट पेट्रोलिंग सुनिश्चित करे। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के साथ बेहतर समन्वय बनाकर राहत शिविर और सामुदायिक रसोई चलाई जाए।
इस दौरान डिप्टी सीएम सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, सांसद राधा मोहन सिंह, विधायक कृष्णनंदन पासवान, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, प्रधान सचिव दीपक कुमार समेत पूर्वी चंपारण और गोपालगंज के डीएम-एसपी मौजूद रहे।












