-मुजफ्फरपुर में मोतीपुर CO को निगरानी की टीम ने 9 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार
सम्वाददाता। पटना/मुजफ्फरपुर।
मुजफ्फरपुर में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम द्वारा आज,मोतीपुर के सीओ अरविंद कुमार अजीत क 9 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या 11/2023के तहत की गई है। परिवादी अजीत कुमार, पिता स्व० रामलखन राय, ग्राम रामपुरउगान पो०- ब्रह्मपुरा थाना + अंचल मोतीपुर, जिला मुजफ्फरपुर द्वारा निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में दिनांक 20.02.23 को शिकायत दर्ज कराया गया था कि आरोपी अरविन्द कुमार अजीत, अंचलाधिकारी एवं हरेन्द्र पासवान, राजस्व कर्मचारी, दोनों अंचल मोतीपुर, जिला- मुजफ्फरपुर द्वारा परिवादी के पिता (चौकीदार) के मृत्यु उपरान्त इनके माँ के नाम से परिवारिक पेंशन की स्वीकृति हेतु बकाया रहित प्रमाण पत्र एवं पेंशन फार्म निर्गत करने के लिए रिश्वत की मांग की जा रही है।

ब्यूरो द्वारा सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। आरोप सही पाये जाने के पश्चात् उपरोक्त कांड अंकित कर अनुसंधानकर्ता विकाश कुमार श्रीवास्तव, पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया, जिनके द्वारा कार्रवाई करते हुए अभियुक्त श्री अरविन्द कुमार अजीत, अंचलाधिकारी को 9,000/- रू० रिश्वत लेते इनके कार्यालय स्थित कक्ष से रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त को पूछताछ के उपरांत माननीय न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में उपस्थापित किया जायेगा।
















