-बन्दरा के 7 अलग-अलग विद्यालयों में 3 दिनों तक एकसाथ आयोजित होंगे दक्ष खेल प्रतियोगिता
मुजफ्फरपुर।दीपक कुमार तिवारी।
जिले के बन्दरा प्रखंड क्षेत्र में वार्षिक खेल कार्यक्रम 2022 के आयोजन को लेकर व्यापक तैयारी की गई है। बन्दरा प्रखंड क्षेत्र के सात अलग-अलग विद्यालयों में 7 तरह के खेल आयोजित किए जाएंगे। सभी जगहों पर एक साथ खेल का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए 13 एवं 14 तारीख को खेल आयोजित किए जाएंगे,जबकि फाइनल राउंड के खेल 15 दिसंबर को आयोजित किया जाना है। बन्दरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़गांव में किया जाएगा।

खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन मध्य विद्यालय सिमरा में, बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय रत्नमनिया में, कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन मध्य विद्यालय रामपुरदयाल, फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन बुनियादी विद्यालय रतवारा, वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय मुन्नी-बैंगरी तथा एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय इंटरमीडिएट उच्च विद्यालय हत्था में आयोजित किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए मध्य,माध्यमिक, उच्च माध्यमिक कक्षाओं के छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रहेगी। साथ में विद्यालय के शिक्षक,शिक्षिका,अभिभावक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहेंगे। इस लिहाज से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पियर थाना तथा हत्था ओपी की पुलिस को भी पत्र लिख कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया हैं। वही इस दौरान स्वास्थ्य व्यवस्था पर नजर रखने के लिए बन्दरा पीएचसी के चिकित्सा पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। तमाम कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग संबंधित संकुल क्षेत्र के शिक्षकों की टीम बनाकर प्रतिनियुक्ति की गई है।
















