-मेडिकल ओवरब्रिज पर जाम से जनता बेहाल, आखिर कब जागेगा प्रशासन?
-कई-कई घंटे तक रेंगते रहते हैं वाहन
-ट्रेन और फ्लाइट पकड़ने वाले यात्रियों की बढ़ रही परेशानी
-सुबह 8 से रात 8 बजे तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था की मांग
मुजफ्फरपुर। शहर के मेडिकल ओवरब्रिज के पास आए दिन लगने वाले भीषण जाम ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। यहां कई-कई घंटों तक वाहन जाम में फंसे रहते हैं। यातायात व्यवस्था चरमराने से राहगीरों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और दूर-दराज से आने-जाने वाले यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
छठ महापर्व संपन्न होने के बाद बड़ी संख्या में गांव-देहात के लोग रोजगार और कामकाज के सिलसिले में दूसरे शहरों की ओर लौट रहे हैं। ऐसे में मेडिकल ओवरब्रिज के पास जाम की समस्या उनकी परेशानी को और बढ़ा रही है। जाम में फंसने के कारण किसी की ट्रेन छूट रही है तो किसी को फ्लाइट पकड़ने में परेशानी हो रही है। समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पाने के कारण यात्रियों को मानसिक और आर्थिक परेशानियां भी झेलनी पड़ रही हैं।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। लोगों का कहना है कि कम से कम सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक मेडिकल ओवरब्रिज के आसपास ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन की विशेष व्यवस्था होनी चाहिए। प्रमुख जाम वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती और यातायात का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि वाहनों का दबाव नियंत्रित हो सके।
अब सवाल यह है कि आखिर मेडिकल ओवरब्रिज पर जाम की इस स्थायी समस्या से लोगों को कब राहत मिलेगी? आम जनता ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए जल्द ठोस कदम उठाए जाएं, क्योंकि जनता का समय भी उतना ही कीमती है।











