Advertisement

देवरिया में अवैध जुआ-सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार

-देवरिया में अवैध जुआ-सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार

-17,448 रुपये नकद बरामद

मुजफ्फरपुर। जिले में अवैध जुआ, सट्टा और ऑनलाइन लॉटरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवरिया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पुरानी बाजार में एक अस्पताल के सामने स्थित झोपड़ी में छापेमारी कर जुआ खेल रहे छह आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। मौके से 17,448 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और ताश के पत्तों का एक पैकेट बरामद किया गया है।
सरैया एसडीपीओ अभिजित कौर ने बताया कि एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के निर्देशन में जिले में अवैध जुआ, सट्टा एवं ऑनलाइन लॉटरी गेमिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 नवंबर को देवरिया थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि पुरानी बाजार में अस्पताल के सामने स्थित एक झोपड़ी में बड़े पैमाने पर अवैध जुआ संचालित किया जा रहा है।


सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और ग्रामीण एसपी के अनुश्रवण में सरैया एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में देवरिया थाना की पुलिस को भी शामिल किया गया। इसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की और जुआ खेल रहे छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैलाश साह, राजेश कुमार, चंदन साह, मुन्नू पासवान, गणेश पासवान और ओमप्रकाश कुंवर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने 17,448 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और ताश के पत्तों का एक पैकेट जब्त किया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि इस अवैध कारोबार का मुख्य संचालक देवरिया पुरानी बाजार निवासी रंजीत पासवान है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
इस मामले में देवरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध जुआ और सट्टा कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।