-शिवदाहा में छठ महापर्व की तैयारी तेज, पोखरों और सीढ़ीघाटों का हो रहा रंग-रोगन
-साफ-सफाई और सजावट में जुटे स्थानीय लोग व युवा
-छठव्रतियों की सुविधा के लिए घाटों को दिया जा रहा आकर्षक रूप
दीपक कुमार/गायघाट
गायघाट प्रखंड क्षेत्र के शिवदाहा में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को क्षेत्र के विभिन्न पोखरों एवं सीढ़ीघाटों पर साफ-सफाई और रंग-रोगन का कार्य जोर-शोर से किया जा रहा है। छठव्रतियों की सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए स्थानीय लोग एवं युवा घाटों को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने में जुटे हुए हैं।
महापर्व को लेकर घाटों की सीढ़ियों की रंगाई-पुताई की जा रही है। इसके साथ ही पोखरों की सफाई, रोशनी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि छठव्रतियों को भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

घाटों की तैयारियों में स्थानीय युवाओं और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। युवा समाजसेवी संतोष यादव ने बताया कि छठ महापर्व आस्था, स्वच्छता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस महापर्व को लेकर सभी लोग आपसी सहयोग से घाटों की साफ-सफाई और सजावट में जुटे हैं। सामूहिक प्रयास से घाटों को सुंदर और व्यवस्थित बनाया जा रहा है।
घाटों की सजावट और रंग-रोगन से शिवदाहा में छठ का माहौल भक्तिमय होने लगा है। तैयारियों में गौतम मंडल, मनकुश मंडल, शंकर कुमार, अजीत कुमार, शिवम कुमार, करण कुमार, रामनिवास, मनीष कुमार महतो, मिंटू कुमार मंडल सहित अन्य स्थानीय लोग सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।












