Advertisement

मुजफ्फरपुर की इस्लामपुर लहठी का सात समंदर पार तक जलवा

-मुजफ्फरपुर की इस्लामपुर लहठी का सात समंदर पार तक जलवा

-इंग्लैंड से अमेरिका तक मिल रहे ऑनलाइन ऑर्डर
-छठ तक 50 लाख के कारोबार की उम्मीद

मुजफ्फरपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच उत्तर बिहार की प्रसिद्ध इस्लामपुर लहठी मंडी का कारोबार तेजी पकड़ने लगा है। मुजफ्फरपुर की पारंपरिक लहठी अब देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में बसे प्रवासी भारतीयों की भी पसंद बन गई है। इंग्लैंड, कनाडा, मैक्सिको, मिशिगन, सिडनी और सैन फ्रांसिस्को तक यहां की लहठी की आपूर्ति की जा रही है। प्रवासी भारतीय वेबसाइटों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी पसंद की डिजाइन ऑनलाइन ऑर्डर कर रहे हैं।
छठ महापर्व को लेकर मंडी में लाल, पीली और नारंगी रंग की पारंपरिक लहठियों की मांग बढ़ गई है।

वहीं, स्टोन वर्क वाले आकर्षक डिजाइनर सेट भी महिलाओं को खूब पसंद आ रहे हैं। विदेशों में छठ मनाने वाले प्रवासी भारतीय अपनी परंपरा और संस्कृति से जुड़े रहने के लिए मुजफ्फरपुर की लहठी मंगवा रहे हैं।
लहठी विक्रेता मो. आजाद ने बताया कि ऑनलाइन कारोबार से बाजार का दायरा अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गया है। नेपाल समेत कई देशों से ऑर्डर मिल रहे हैं। छठ तक करीब 50 लाख रुपये के ऑनलाइन कारोबार की उम्मीद है।
बढ़ती मांग को देखते हुए इस्लामपुर और चैनपुर बंगरा गांव के कारीगर दिन-रात लहठी बनाने में जुटे हैं। इस कुटीर उद्योग से सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं को भी घर बैठे रोजगार मिल रहा है। इससे पारंपरिक कला को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।