-बांकुल टोला में तीन संदिग्ध पकड़े गए, हथियार मिलने की सूचना से मची हलचल
मुजफ्फरपुर। जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र की छपरा मेघ पंचायत अंतर्गत बांकुल टोला में सोमवार की देर रात ग्रामीणों ने तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। ग्रामीणों के अनुसार, तीनों के पास हथियार होने की बात सामने आई है। सूचना के मुताबिक, उनके पास से एक पिस्तौल और एक धारदार कटर बरामद हुआ है। घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई।
बताया जाता है कि संदिग्धों को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने उनकी पिटाई भी की। इसके बाद स्थानीय सरपंच ने घटना की सूचना मुशहरी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों संदिग्धों को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ के लिए मुशहरी थाना ले गई।

घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, तीनों संदिग्ध वहां किस उद्देश्य से पहुंचे थे और उनके पास हथियार होने के पीछे क्या कारण था, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। संदिग्धों के पास से हथियारों की बरामदगी और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।












