-मुजफ्फरपुर में श्रद्धालुओं से भरे ऑटो को पिकअप ने मारी टक्कर, आधा दर्जन घायल
-दो महिलाओं की हालत गंभीर
-थावे मंदिर में पूजा करने जा रहे थे सभी श्रद्धालु
-हादसे के बाद पिकअप चालक फरार
मुजफ्फरपुर। जिले के कांटी थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर छिन्नमस्तिका मंदिर के समीप रविवार को तेज रफ्तार पिकअप ने श्रद्धालुओं से भरे ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सभी घायल मीनापुर थाना क्षेत्र के गंगटी गांव के रहने वाले हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
थावे मंदिर में पूजा करने जा रहे थे श्रद्धालु:
घायलों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे वे अपने गांव गंगटी से गोपालगंज स्थित थावे मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए निकले थे। ऑटो में महिला और पुरुष समेत करीब नौ लोग सवार थे। इसी दौरान कांटी में छिन्नमस्तिका मंदिर के पास ओवरटेक करने के क्रम में एक पिकअप ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार लोग घायल हो गए।

टक्कर के बाद चालक फरार:
घायल राजेश शाह ने बताया कि पिकअप की टक्कर लगने के बाद वह सड़क पर गिर गए। उनके एक पैर में गंभीर चोट आई है। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट लगी है। वहीं, एक अन्य घायल मुकेश कुमार ने बताया कि पिकअप चालक ओवरटेक करने के दौरान ऑटो में टक्कर मारकर फरार हो गया। हादसे के बाद चालक ने वाहन रोकने की भी जहमत नहीं उठाई।
घायलों में अरुणा कुमारी, ममता कुमारी, संगीता देवी, मुकेश कुमार, चंचल कुमारी, गीता देवी और राजेश शाह समेत अन्य लोग शामिल हैं। हादसे में घायल दो महिलाओं की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। इनमें एक महिला के पैर में गंभीर चोट आई है।
एक ही गांव के रहने वाले हैं सभी घायल:
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। घायलों और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है। सभी लोग एक ही गांव के रहने वाले हैं और एक साथ थावे मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। पिकअप चालक के फरार होने के कारण फिलहाल उसके वाहन और पहचान के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में कांटी थाना की पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।












