Advertisement

चुनाव ड्यूटी से गायब दो महिला सिपाही निलंबित, एसएसपी की कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप

-चुनाव ड्यूटी से गायब दो महिला सिपाही निलंबित, एसएसपी की कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप

मुजफ्फरपुर। जिले में पुलिस विभाग के भीतर अनुशासनहीनता और कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्र ने सख्त रुख अपनाया है। बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 के मद्देनजर एमआईटी कॉलेज परिसर स्थित वज्रगृह की सुरक्षा ड्यूटी से बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के अनुपस्थित रहने पर दो महिला सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, विधान परिषद चुनाव को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस केंद्र, मुजफ्फरपुर ने एमआईटी कॉलेज परिसर स्थित वज्रगृह (स्ट्रांग रूम) का औचक निरीक्षण किया। यहां मतपेटियों की सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी की जांच के दौरान दो महिला सिपाही अनुपस्थित पाई गईं।

अनुपस्थित महिला सिपाहियों की पहचान सिपाही संख्या 503 लीलम कुमारी और सिपाही संख्या 163 प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। जांच में पाया गया कि दोनों ने ड्यूटी से अनुपस्थित रहने से पहले न तो अधिकृत अवकाश लिया था और न ही किसी वरीय अधिकारी से अनुमति प्राप्त की थी।

चुनाव जैसी संवेदनशील ड्यूटी के दौरान बिना सूचना के अनुपस्थित रहने को गंभीर लापरवाही और वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना माना गया। इसके बाद डीएसपी (रक्षित) ने मामले की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कर एसएसपी को भेजी। रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने दोनों महिला सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।

एसएसपी कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि चुनाव ड्यूटी के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनुशासनहीनता या गैरजिम्मेदारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कार्रवाई को पुलिसकर्मियों के लिए सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि संवेदनशील ड्यूटी में तैनात सभी कर्मियों को निर्धारित जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ पालन करना होगा।