-मुजफ्फरपुर में लूटपाट और छिनतई करने वाले सात अपराधी गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद
तीन पिस्टल, दो कट्टा, छह कारतूस, चार मैगजीन, दो बाइक और 10 मोबाइल फोन जब्त; चेन छिनतई की दो घटनाओं का भी खुलासा
मुजफ्फरपुर। शहर की संकरी गलियों से लेकर हाईवे तक लूटपाट और छिनतई की घटनाओं में शामिल सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने अहियापुर, कच्ची-पक्की, मनियारी और सदर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने इनके पास से तीन पिस्टल, दो कट्टा, छह जिंदा कारतूस, चार मैगजीन, दो बाइक, 10 मोबाइल फोन, दो चाकू और अन्य धारदार हथियार बरामद किए हैं।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि अहियापुर थाना क्षेत्र में पांच अक्टूबर को पिस्टल के बल पर 66 हजार रुपये लूटे गए थे। वहीं, सात अक्टूबर को संगम घाट पुल पर पटना के एक ट्रक के खलासी के पैर में गोली मारकर लूटपाट की गई थी। इन घटनाओं के बाद विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मैनुअल और तकनीकी इनपुट के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र के विजयी छपरा निवासी नीरज कुमार, पप्पू कुमार, कचरी उर्फ ब्रोकर उर्फ रितेश कुमार और अभिषेक कुमार तथा मुस्तफापुर निवासी रामप्रवेश ठाकुर के रूप में हुई है। इनके अलावा मनियारी निवासी मो. गौहर अली उर्फ गब्बर और कच्ची-पक्की क्षेत्र के विकास कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
चेन छिनतई की दो घटनाओं का खुलासा:
पुलिस के अनुसार, बाइकर्स गैंग ने एक अक्टूबर को काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के लेनिन चौक के समीप एक पुलिस पदाधिकारी की मां के गले से सोने की चेन छीन ली थी। इसके अलावा मिठनपुरा थाना क्षेत्र के मस्जिद चौक के पास तीज की खरीदारी कर लौट रही एक महिला के साथ भी चेन छिनतई की घटना हुई थी। एसएसपी के निर्देश पर गठित एसआइटी ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इनपुट के आधार पर दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें मो. गौहर अली उर्फ गब्बर और विकास कुमार शामिल हैं।
घर में कचरे के डिब्बे में छिपाए थे हथियार:
पुलिस ने बताया कि विकास कुमार ने अपने घर में कचरे के डिब्बे के अंदर हथियार छिपाकर रखे थे। तलाशी के दौरान उन्हें बरामद कर लिया गया। इस मामले में सदर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और बरामद सामान के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।












