Advertisement

पूर्व वार्ड पार्षद रेखा देवी के घर पर देर रात फायरिंग, इलाके में दहशत

-पूर्व वार्ड पार्षद रेखा देवी के घर पर देर रात फायरिंग, इलाके में दहशत

मुजफ्फरपुर। शहर के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने वार्ड नंबर 17 की पूर्व वार्ड पार्षद रेखा देवी के घर पर फायरिंग कर दी। घटना रात करीब एक बजे की बतायी जा रही है। गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत फैल गयी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व वार्ड पार्षद रेखा देवी, पति हरेंद्र सिंह, के घर पर देर रात बाइक सवार दो लोग पहुंचे और फायरिंग करने के बाद फरार हो गये। गोली के दो निशान मिले हैं। इनमें एक कार के शीशे और दूसरा घर के शटर पर लगा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।


घटना की सूचना मिलने पर सिकंदरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर डीएसपी-1 सुरेश कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार आरोपियों की पहचान की जा सके।
पूर्व वार्ड पार्षद के पुत्र अभिषेक सिंह ने आशंका जतायी है कि पुराने विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। हालांकि, फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।