-अलग-अलग हादसों में पांच की मौत, थानाध्यक्ष समेत सात लोग जख्मी
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण जिले में बेपरवाह प्रशासनिक सिस्टम जर्जर पुल और भवनों के इस्तेमाल वर्जित न कर रही है और नहीं पुनर्निर्माण या मरम्मत की जहमत उठा रही हैं। नतीजतन आमजन आए दिन हादसे के शिकार हो रहे हैं। इसी क्रम में पुल के गिरने से एक किशोर की मौत हो गई है। जबकि इस हादसे का निरीक्षण करने पहुंचे शिकारपुर थानाध्यक्ष समेत सात ग्रामीण भी जख्मी हो गए।
बता दें कि जिले में पिछले 24 घण्टें के दौरान दो महिलाओं सहित 5 लोगों की मौत हो गयी है। जिला के तीन विभिन्न सड़क हादसों में 3 लोगों की मौत हो गयी है, जबकि एक विवाहिता की जहर से मौत हुई है। एक अन्य घटनाक्रम में एक जर्जर पुल के गिरने से उसके मलवा में दबकर एक किशोर की मौत हो गई है और थानाध्यक्ष सहित 7 लोग घायल हो गए हैं।
पूर्वी चंपारण के शिकारगंज थानाक्षेत्र के भगवतपुर भलुअहिया गांव में कछुआ नदी पर बने पुराने जर्जर पुल के ध्वस्त होने से उसके मलवा में दबकर शम्भू महतो के 13 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार की मौत हो गयी और 7 ग्रामीण भी घायल घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर जांच के लिए गए शिकारगंज के थानाध्यक्ष गोपाल मिश्र भी जर्जर पुल के शिकार बने और उन्हें चोटें आई हैं।

घायल ग्रामीणों की पहचान 19 वर्षीय गोपाल महतो, 11 वर्षीय रमाशंकर महतो, 13 वर्षीय मणि कुमार, 30 वर्षीय अनुराग सिंह, 48 वर्षीय मनीष कुमार सिंह और 30 वर्षीय राकेश महतो के रूप में हुई है। पूरे घटना क्रम का आश्चर्यजनक पहलू यह है कि पुल इतना जर्जर था कि वह आदमी का भार वहन करने तक में सक्षम नहीं था तो उसके इस्तेमाल पर रोक लगाना क्यों जरूरी नहीं समझ गया।
दूसरी तरफ जिला में तीन विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला सहित 3 लोगों की मौत हो गयी है। जिला के पीपरा थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में उमा राम की 57 वर्षीय पत्नी चनरी देवी की मौत हो गयी है, जबकि कोटवा थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में पोखरा ग्रामवासी विजय यादव के 20 वर्षीय पुत्र विवेक कुमार की मौत हो गयी है। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य सड़क दुर्घटना में नीलगाय की टक्कर से अलौला ग्रामवासी 49 वर्षीय रविभूषण सिंह की मौत हो गयी है।
– शिखा को जहर देकर मारने का आरोप
जिला के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में निशांत कुमार की 37 वर्षीय पत्नी शिखा देवी की मौत हो गयी है। उनके परिजनों के अनुसार शिखा को जहर देकर मार दिया गया है। पुलिस ने सभी शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।












