Advertisement

एक साल में खेतों तक पानी पहुंचाने का आश्वासन, नहरों के जीर्णोद्धार की उठी मांग

-एक साल में खेतों तक पानी पहुंचाने का आश्वासन, नहरों के जीर्णोद्धार की उठी मांग

मुजफ्फरपुर। कांटी विधानसभा क्षेत्र की जर्जर नहरों के जीर्णोद्धार और सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर विधायक एवं पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने शुक्रवार को जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख नहरों की मरम्मत, आरसीसी लाइनिंग, सर्विस रोड निर्माण और छोटी नहरों की सफाई कराने की मांग रखी। मंत्री ने एक वर्ष के भीतर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने का आश्वासन दिया।

विधायक ने मंत्री को वीरपुर वितरनी, रामदयालु नगर उपवितरणी और बड़कागांव उपवितरणी समेत अन्य नहरों की जर्जर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नहरों की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उनकी जलप्रवाह क्षमता प्रभावित हो रही है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है और खेती-किसानी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ई. अजीत कुमार ने वीरपुर, रामदयालु नगर और बड़कागांव उपवितरणी में आरसीसी लाइनिंग कराने के साथ सर्विस रोड का निर्माण कराने की मांग की। इसके अलावा छोटी नहरों की उड़ाही और उनमें जमा गाद की सफाई कराने पर जोर दिया, ताकि पानी का प्रवाह सुचारु हो सके।

विधायक ने कहा कि नहरों का व्यवस्थित तरीके से जीर्णोद्धार होने से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा और कृषि उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। सर्विस रोड बनने से नहरों के निरीक्षण और रखरखाव में भी सुविधा होगी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि मंत्री के आश्वासन के अनुरूप एक वर्ष के भीतर कार्य पूरा होने से क्षेत्र के किसानों को राहत मिलेगी और खेतों तक पानी पहुंचाने की समस्या का समाधान हो सकेगा।