Advertisement

सेवा सेतु शिविर में 55 आवेदन प्राप्त, 26 का मौके पर हुआ निष्पादन

-सेवा सेतु शिविर में 55 आवेदन प्राप्त, 26 का मौके पर हुआ निष्पादन

राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। प्रखंड कार्यालय राजापाकर परिसर में मंगलवार को सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन महुआ डीसीएलआर खुशबू पटेल, बीडीओ डॉ. सूर्य प्रताप सिंह एवं सीओ निशा यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना था। इसके तहत विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन, निबंधन और ई-केवाईसी सहित अन्य सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।
‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत आयोजित शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, पशुपालन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, ग्रामीण विकास, मनरेगा सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। यहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं और आवेदनों का निपटारा किया गया।


बीडीओ डॉ. सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 55 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 26 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि 29 आवेदनों को संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के पास भेजा गया है। इन आवेदनों का 30 दिनों के अंदर निष्पादन कर आवेदकों को इसकी जानकारी दी जाएगी।
मौके पर पशु चिकित्सक गणेश शंकर विद्यार्थी, बीपीआरओ सिंघु रंजन कुमार, सीडीपीओ मीरा कुमारी, डॉ. अदिति, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसपी उपाध्याय, जीविका बीपीएम राजकुमार साह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं प्रखंड कर्मी मौजूद रहे।