Advertisement

भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से ऑटो सवार दो दूध कारोबारियों की मौत

-भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से ऑटो सवार दो दूध कारोबारियों की मौत

मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की अहले सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसा सीआरपी कैंप के पास एनएच-77 स्थित सीतामढ़ी रोड पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने दूध लेकर लौट रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान सीतामढ़ी जिले के कोरहिया गौसनगर गांव निवासी विक्रम कुमार (20) और प्रेम कुमार (35) के रूप में हुई है। विक्रम ऑटो चलाते थे। दोनों दूध के कारोबार से जुड़े थे और मुजफ्फरपुर शहर में दूध की सप्लाई करने आए थे।

काम पूरा करने के बाद दोनों ऑटो से अपने गांव लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोहम्मदपुर सीआरपी कैंप के पास पहुंचते ही एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।
अहियापुर थानाध्यक्ष शरद कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर फरार ट्रक की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।