-गायघाट में मनचलों पर कसेगा शिकंजा, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त
स्कूल-कॉलेज व सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ेगी निगरानी, महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई
दीपक कुमार/ गायघाट
गायघाट। महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर गायघाट प्रशासन ने सख्ती बरतने की तैयारी शुरू कर दी है। सार्वजनिक स्थलों, स्कूल-कॉलेजों और बाजार क्षेत्र में मनचलों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ छेड़छाड़ या अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ये बाते बेनीबाद थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से पुलिस गश्त बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं व युवतियों को परेशान करने, पीछा करने अथवा सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय हरकत करने की शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, महिलाओं से अपील की गई है कि किसी भी तरह की परेशानी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। प्रशासन का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।












