-26 से 30 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश के आसार, किसानों को फसलों की निगरानी की सलाह
समस्तीपुर/पूसा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से 26 से 30 सितंबर तक का मौसम पूर्वानुमान जारी किया गया है। पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने की संभावना है। 26 सितंबर की देर सुबह तक चक्रवाती प्रभाव के कारण अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सीवान, गोपालगंज, समस्तीपुर तथा पूर्वी-पश्चिमी चंपारण के कुछ स्थानों पर गरज के साथ अच्छी बारिश की भी संभावना जताई गई है।
इस दौरान अधिकतम तापमान 23 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह सापेक्ष आर्द्रता 85 से 95 प्रतिशत तथा दोपहर में 60 से 65 प्रतिशत के आसपास रह सकती है। हवा मुख्य रूप से पूर्वी या दक्षिण-पूर्वी दिशा से 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने धान की फसल में गांधी बग की नियमित निगरानी करने की सलाह दी है। प्रकोप दिखाई देने पर मौसम को ध्यान में रखते हुए फोलीडोल चूर्ण के प्रयोग की सलाह दी गई है। मक्का में नत्रजन की अंतिम मात्रा देने का भी उचित समय बताया गया है।

तोरई, मूली, फूलगोभी और पत्तागोभी की बुआई तथा रोपाई के लिए भी किसानों को आवश्यक तैयारी करने को कहा गया है। वहीं सब्जियों एवं अन्य फसलों के खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है। जल निकासी के बाद खेत में उचित नमी आने पर ही रबी फसलों की तैयारी और बुआई शुरू करने को कहा गया है।
पशुपालकों को थनैला रोग से बचाव के लिए पशुओं के थनों की स्वच्छता बनाए रखने, दूध दुहने के बाद थनों को अच्छी तरह साफ करने तथा पशुशाला में साफ-सफाई रखने की सलाह दी गई है।
इससे पहले के तीन दिनों में पूसा में औसत अधिकतम तापमान 34.0 और न्यूनतम 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस अवधि में 71.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।












