-नमामि भारतम् कार्यक्रम में गूंजा वन्दे मातरम्, जमालपुर-मुंगेर के 12 केंद्रों पर हुआ सामूहिक गायन
जमालपुर। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के देशव्यापी आह्वान पर सरस्वती विद्या मंदिर, दौलतपुर, जमालपुर में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वन्दे मातरम् के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना के साथ सम्पूर्ण वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन किया।
प्रातः 11 बजे विद्यालय परिसर में एक साथ छह छंदों वाले सम्पूर्ण वन्दे मातरम् का गायन हुआ। विद्यालय के मुख्य परिसर के अलावा जमालपुर-मुंगेर क्षेत्र के 11 अन्य केंद्रों पर भी सामूहिक गायन आयोजित किया गया। इनमें हसनगंज काली मंदिर, रामपुर योगी स्थान, इन्द्रुख पुस्तकालय, लाल खां दुर्गा स्थान, गौरीपुर बजरंगबली मंदिर, ओलीपुर आनंद मंदिर, रेलवे कॉलोनी दुर्गा स्थान, दरियापुर, जमालपुर गायत्री मंदिर, दौलतपुर दुर्गा स्थान तथा शिशु मंदिर, मुंगेर पथ परिसर शामिल रहे। सभी केंद्रों पर बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के राष्ट्रीय मंत्री कमल किशोर सिन्हा ने कहा कि वन्दे मातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि स्वाधीनता संग्राम की प्रेरणा और राष्ट्रीय एकात्मता का प्रतीक है। उन्होंने नई पीढ़ी को इसके इतिहास, मूल भाव और त्याग की परंपरा से जोड़ने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के कोषाध्यक्ष सुधीर सिंह ने की। प्रधानाचार्य छठु साह ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया, जबकि मंच संचालन आचार्या रेखा कुमारी ने किया। आयोजन को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स एवं इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में प्रमाणीकरण के लिए सूचीबद्ध किए जाने की जानकारी से उपस्थित लोगों में उत्साह रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में नीलम कुमारी, गंगा चौधरी, किरण कुमारी, संतोष कुमार सहित विद्यालय के सभी आचार्य-आचार्याओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन राष्ट्र निर्माण के सामूहिक संकल्प और जयघोष के साथ हुआ।












