-छात्राओं से कथित बैड टच के आरोप में शिक्षक निलंबित, तीन सदस्यीय महिला टीम करेगी जांच
मुजफ्फरपुर। पारू थाना क्षेत्र स्थित मध्य विद्यालय लालू छपरा में छठी और सातवीं कक्षा की छात्राओं के साथ कथित गलत व्यवहार और बैड टच के आरोप का मामला सामने आया है। छात्राओं की शिकायत पर जिलाधिकारी कुमार गौरव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी शिक्षक रतनलाल सहनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पूरे प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय महिला टीम का गठन भी किया गया है।
बताया गया है कि छात्राओं ने शिक्षक पर होली के समय से ही कई छात्राओं के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार करने और बैड टच करने के आरोप लगाए हैं। छात्राओं के अनुसार, डर और झिझक के कारण वे पहले खुलकर शिकायत नहीं कर पा रही थीं। हाल में कथित घटना दोहराए जाने के बाद छात्राओं ने परिजनों और स्कूल की महिला प्रधानाध्यापक से शिकायत की।

शिकायत के बाद परिजन स्कूल पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
इधर, डीएम के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय महिला जांच टीम में अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिमी, एसडीपीओ सरैया और डीपीओ को शामिल किया गया है। टीम छात्राओं के आरोप, स्कूल में हुए घटनाक्रम और शिकायत के बाद की गई कार्रवाई की जांच कर अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेगी।
जांच में यह भी देखा जाएगा कि छात्राओं की शिकायत मिलने के बाद स्कूल स्तर पर क्या कार्रवाई की गई और यदि कार्रवाई में देरी हुई तो उसके कारण क्या रहे। फिलहाल एक ओर पुलिस आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है, वहीं प्रशासनिक जांच के जरिए पूरे मामले में तथ्यों और जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट करने की प्रक्रिया चल रही है।












