Advertisement

झमाझम बारिश में उमड़ा आस्था का सैलाब, इंद्र पूजा को लेकर निकली कलश शोभा यात्रा

-झमाझम बारिश में उमड़ा आस्था का सैलाब, इंद्र पूजा को लेकर निकली कलश शोभा यात्रा

दीपक कुमार/गायघाट

इंद्र पूजा को लेकर गुरुवार को शिवदाहा विशेश्वर मार्केट परिसर से 251 कन्याओं की भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। झमाझम बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था कम नहीं हुई। बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां सिर पर कलश लेकर शोभायात्रा में शामिल हुईं। इस दौरान श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

पूर्व पंचायत समिति सदस्य सह मेला अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि कलश शोभा यात्रा जहांगीरपुर, बुधकारा और सिंहवाड़ा होते हुए पूजा स्थल पर पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पंडित नरेश्वर दास ने कलश स्थापित कराया।

वहीं, कार्यक्रम के दौरान मेला सदस्य सतनाम यादव ने दर्जनों कार्यकर्ताओं को गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया। आयोजकों ने बताया कि इंद्र पूजा को लेकर आयोजित मेला 2 अक्टूबर तक चलेगा। क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और अच्छी बारिश की कामना को लेकर पूजा का आयोजन किया जा रहा है।

बारिश के बीच भी शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी देखने को मिली। आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर स्थानीय स्तर पर विशेष इंतजाम किए गए थे।