-नवोदय विद्यालय में 9वीं और 11वीं में प्रवेश का मौका
-आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर
मुजफ्फरपुर।शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) ने कक्षा 9वीं और 11वीं में प्रवेश के लिए लेटरल एंट्री सेलेक्शन टेस्ट (LEST)-2027 की अधिसूचना जारी कर दी है। देशभर के विभिन्न जवाहर नवोदय विद्यालयों में रिक्त सीटों को भरने के लिए यह चयन परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से योग्य और मेधावी विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालयों में आवासीय एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
एनवीएस ने ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। कक्षा 9वीं में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी आधिकारिक पोर्टल cbseitms.nic.in/2026/nvsix_9 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। वहीं, कक्षा 11वीं के लिए cbseitms.nic.in/2026/nvsxi_11 पर ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सकता है।

दोनों कक्षाओं के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। समिति के अनुसार पात्रता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा पैटर्न और अन्य आवश्यक जानकारी से संबंधित विस्तृत प्रॉस्पेक्टस पंजीकरण पोर्टल पर उपलब्ध है।
एनवीएस ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को सलाह दी है कि आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते ऑनलाइन फॉर्म भरें। अंतिम समय में सर्वर पर बढ़ने वाले दबाव या तकनीकी समस्या से बचने के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है। अंतिम तिथि के बाद किसी भी परिस्थिति में आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।












