-बाबा गरीबनाथ धाम कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित होगा गणिनाथ मंदिर
-पांच करोड़ खर्च का अनुमान
मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा गरीबनाथ धाम कॉरिडोर की तर्ज पर बीबीगंज गोविंदपुरी स्थित प्राचीन बाबा गणिनाथ मंदिर को विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। पर्यटन विभाग के निर्देश के बाद मुशहरी अंचलाधिकारी ने मंदिर के विकास से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट अपर समाहर्ता (राजस्व) कुमार प्रशांत को सौंप दी है। अब रिपोर्ट को पर्यटन विभाग को भेजा जाएगा।
सीओ की रिपोर्ट में मंदिर की भूमि, सड़क व रेल संपर्क सहित परिसर में मौजूद संरचनाओं की जानकारी दी गई है। मंदिर और परिसर करीब 43 डिसमिल भूमि में स्थित है। मंदिर से हाईवे की दूरी लगभग 300 मीटर, जबकि पटना करीब 70 किलोमीटर दूर है। विकास कार्यों पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। फिलहाल विस्तृत प्राक्कलन तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है।

प्रस्तावित योजना के तहत मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। परिसर में स्थित ऐतिहासिक पोखर का जीर्णोद्धार कर उसे आकर्षक स्वरूप देने की भी योजना है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।
प्राचीन बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज को समर्पित इस मंदिर में प्रत्येक वर्ष पूजनोत्सव और जन्मोत्सव का आयोजन धूमधाम से होता है। इसमें दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं। पर्यटन विभाग ने यहां प्रत्येक वर्ष तीन दिवसीय राजकीय बाबा गणिनाथ महोत्सव आयोजित करने की घोषणा की है। महोत्सव का भव्य आयोजन शीघ्र प्रस्तावित है।
पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि बाबा गणिनाथ मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। इसके विकास से ऐतिहासिक मंदिर का महत्व बढ़ने के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। वहीं, तुर्की के लदौरा में भी महावीरी महोत्सव के आयोजन और विकास योजनाओं पर कार्य शुरू किया गया है।












