-शादी समारोह में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, दिल्ली में गर्भवती होने पर खुला मामला
मुजफ्फरपुर के कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता के परिजन दिल्ली लौट गए थे। वहां तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सीय जांच के दौरान छात्रा के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद दिल्ली में जीरो एफआईआर दर्ज कराई गई, जिसकी प्रति मुजफ्फरपुर पहुंचने के बाद सदर थाने में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्राथमिकी के अनुसार, छात्रा कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वह पड़ोस के गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस के एक युवक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने झांसे में लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपित ने छात्रा को जान से मारने और बदनाम करने की धमकी दी। भय के कारण छात्रा ने घटना की जानकारी परिजनों को नहीं दी।

शादी समारोह के बाद छात्रा अपने परिवार के साथ दिल्ली चली गई। कुछ दिनों बाद तबीयत खराब होने पर परिजन उसे स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। अस्पताल की सूचना पर दिल्ली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की।
घटना का स्थान मुजफ्फरपुर होने के कारण दिल्ली पुलिस ने केस से संबंधित कागजात मुजफ्फरपुर पुलिस को भेजे। सोमवार को दस्तावेज मिलने के बाद सदर थाने में नियमित प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार, पीड़िता का बयान दर्ज किया जा रहा है और नामजद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।











