Advertisement

रेल थाना दरभंगा का वार्षिक निरीक्षण, सघन चेकिंग और गश्त बढ़ाने के निर्देश

-रेल थाना दरभंगा का वार्षिक निरीक्षण, सघन चेकिंग और गश्त बढ़ाने के निर्देश

दरभंगा। वरीय पुलिस अधीक्षक (रेल), मुजफ्फरपुर ने सोमवार, 21 सितंबर 2026 को रेल थाना दरभंगा का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रेनों, प्लेटफॉर्मों एवं रेल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सघन चेकिंग, नियमित गश्त एवं मार्गरक्षण बढ़ाने का निर्देश दिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने रेल अपराधों की रोकथाम को लेकर रेल अपराधों में संलिप्त एवं वांछित अपराधियों का समयबद्ध भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही लंबित कांडों का वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर समय पर निष्पादन करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई और अभिलेखों के रखरखाव की भी समीक्षा की गई। सभी महत्वपूर्ण पंजियों को अद्यतन रखने तथा पुलिस कार्यों में रिकॉर्ड संधारण को प्राथमिकता देने का सख्त निर्देश दिया गया।
इसी दौरान बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित पाई गईं पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) सबीता दास को वरीय पुलिस अधीक्षक (रेल), मुजफ्फरपुर द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निरीक्षण के दौरान रेल यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।