Advertisement

मिठनपुरा में बुजुर्ग दंपति की हत्या के बाद वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस का विशेष अभियान

-मिठनपुरा में बुजुर्ग दंपति की हत्या के बाद वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस का विशेष अभियान

मुजफ्फरपुर। मिठनपुरा थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपति की हत्या की घटना के बाद शहर में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर मुजफ्फरपुर पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान की शुरुआत एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने खुद वरिष्ठ नागरिकों से सीधे संवाद कर की। एसएसपी शहर में निकले और बुजुर्गों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं सुनीं।
इसी क्रम में एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित जुब्बा सहनी पार्क पहुंचे। यहां उन्होंने पार्क में मौजूद कई वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत की और उनके हालचाल की जानकारी ली। उन्होंने बुजुर्गों से पूछा कि उन्हें किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है और आसपास का माहौल कैसा है। साथ ही सुरक्षा से जुड़ी उनकी चिंताओं को भी गंभीरता से सुना।
पुलिस की नई पहल के तहत शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों के मोबाइल नंबर संबंधित थानों में दर्ज किए जाएंगे। पुलिसकर्मी सप्ताह में कम से कम एक बार फोन कर उनकी कुशलक्षेम पूछेंगे। इस दौरान यह भी जानकारी ली जाएगी कि उन्हें किसी तरह की परेशानी तो नहीं है अथवा उनके आसपास कोई संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि तो नहीं हो रही है।


एसएसपी ने वरिष्ठ नागरिकों को भरोसा दिलाया कि मुजफ्फरपुर पुलिस उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल घटना के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध की आशंका को पहले से पहचानकर उसे रोकना भी है। वरिष्ठ नागरिकों के साथ नियमित संवाद इसी दिशा में उठाया गया कदम है।
पुलिस की योजना के अनुसार सभी थाना क्षेत्रों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यक जानकारी संबंधित थानों के पास उपलब्ध रहेगी। पुलिसकर्मी नियमित रूप से उनसे संपर्क कर सुरक्षा संबंधी फीडबैक लेंगे। किसी बुजुर्ग को आसपास संदिग्ध गतिविधि, किसी व्यक्ति की संदिग्ध आवाजाही या किसी अन्य प्रकार की परेशानी महसूस होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी जा सकेगी।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। सभी थाना क्षेत्रों में रहने वाले बुजुर्गों के मोबाइल नंबर संबंधित थानों में उपलब्ध रहेंगे और पुलिस सप्ताह में एक बार उनसे संपर्क कर उनकी खैरियत पूछेगी। साथ ही आसपास होने वाली आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी ली जाएगी।
मिठनपुरा में बुजुर्ग दंपति की हत्या के बाद शुरू किया गया यह अभियान वरिष्ठ नागरिकों के साथ पुलिस का सीधा संवाद बढ़ाने और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम है।