-उपेन्द्र पासवान मौत मामले में दूसरी पत्नी गिरफ्तार,मड़वन रोड से दबोचा
मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया चाणक्यपुरी रोड नंबर छह स्थित शिवशंकर सिंह के मकान में उपेन्द्र पासवान की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी दूसरी पत्नी कामनी देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे करजा थाना क्षेत्र के मड़बन रोड से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद रविवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
उपेन्द्र पासवान की मौत के बाद उसकी दूसरी पत्नी कामनी देवी अपने दो बच्चों के साथ घर से फरार हो गई थी। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। कामनी का मायका सरैया थाना क्षेत्र के बहिलवारा में है। मायके से निकलने के बाद वह नया ठिकाना तलाश रही थी। इसी दौरान पुलिस को उसके मड़बन में होने की सूचना मिली। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर विशेष टीम ने मड़बन रोड पर कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

मामले में मृतक की मां शकुंती देवी के आवेदन पर अहियापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें उपेन्द्र पासवान की दूसरी पत्नी कामनी देवी को आरोपित बनाया गया है। गिरफ्तारी के लिए एसएसपी के निर्देश पर नगर-2 एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में अहियापुर थानाध्यक्ष और अनुसंधानकर्ता एसआई संदीप कुमार शामिल थे।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच और गिरफ्तार आरोपित के बयान के आधार पर आपसी विवाद में फांसी लगाने से उपेन्द्र की मौत होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण सामने आने की बात पुलिस ने कही है। गिरफ्तार कामनी देवी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।












