-श्री बाबा मुक्तिनाथ शिव मंदिर व्यवस्था समिति का पुनर्गठन, पंकज कुमार बने नए सचिव
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर स्थित विद्युत आपूर्ति अंचल के मीटिंग हॉल में श्री बाबा मुक्तिनाथ शिव मंदिर व्यवस्था समिति की आम सभा आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सह पदेन विद्युत अधीक्षण अभियंता पंकज राजेश ने की। आम सभा में सर्वसम्मति से मंदिर व्यवस्था समिति का पुनर्गठन किया गया और नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के नामों की घोषणा की गई।
निवर्तमान सचिव भरत झा ने 15 सितंबर को व्यक्तिगत व्यस्तता का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दिया था, जिसे समिति के अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद नई व्यवस्था के लिए आम सभा बुलाई गई। बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता पंकज कुमार को सर्वसम्मति से नया सचिव चुना गया।
आम सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि विद्युत अधीक्षण अभियंता का पद समिति के पदेन अध्यक्ष के रूप में रहेगा। इससे भविष्य में अधीक्षण अभियंता के तबादले की स्थिति में अध्यक्ष पद के लिए दोबारा चुनाव कराने की आवश्यकता नहीं होगी।

नई कार्यकारिणी में विद्युत कार्यपालक अभियंता विजय कुमार और लेखा पदाधिकारी सोमरंजन कुमार को उपाध्यक्ष बनाया गया है। विद्युत कार्यपालक अभियंता श्रवण ठाकुर को उपसचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं वरीय प्रबंधक आकाश कुमार और बीरेंद्र कुमार को वित्त प्रबंधक बनाया गया है।
संतोष कुमार को कोषाध्यक्ष और संतोष सुमन को उपकोषाध्यक्ष बनाया गया है। लेखा सहायक प्रभात रंजन को अंकेक्षक (ऑडिटर) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति में पांच विशेष कार्यकारिणी सदस्य तथा 14 प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य शामिल किए गए हैं। विशेष कार्यकारिणी के दो पद फिलहाल रिक्त हैं, जिन पर बाद में सदस्यों का चयन किया जाएगा।
बैठक में मंदिर परिसर के विकास, नियमित पूजा-अर्चना की व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।












