Advertisement

अमेरिका में सम्मानित होंगे मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी

-अमेरिका में सम्मानित होंगे मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी

मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी को अमेरिका में ‘द एशियन हीरो अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 13 दिसंबर 2026 को फ्लोरिडा के टाम्पा में आयोजित होने वाले सातवें वर्ल्ड फेयर एंड फेस्ट-2026 के दौरान दिया जाएगा। आयोजक संस्था एसोसिएशन ऑफ वर्ल्ड फेयर एंड फेस्ट यूएसए इंक की ओर से जारी पत्र में मोहिबुल्लाह अंसारी को उत्कृष्ट लोकसेवा, नेतृत्व, ईमानदारी और समाज कल्याण के प्रति योगदान के लिए सम्मानित किए जाने की बात कही गई है।
सम्मान समारोह टाम्पा स्थित Sheraton Tampa Brandon Hotel में आयोजित होगा। आयोजक संस्था की ओर से मोहिबुल्लाह अंसारी को कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया गया है। आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की उम्मीद है। सम्मान के लिए उनके पुलिस सेवा, नेतृत्व क्षमता और समाज के प्रति योगदान को आधार बताया गया है।


मोहिबुल्लाह अंसारी मूल रूप से बिहार के सीवान जिले के रहने वाले हैं। उनकी पढ़ाई और यूपीएससी में सफलता की कहानी भी काफी प्रेरणादायक रही है। 10वीं और 12वीं के प्री-बोर्ड में उनका प्रदर्शन खराब रहा था। इसी दौरान पिता की एक बात ने उन्हें पढ़ाई के प्रति गंभीर होने के लिए प्रेरित किया। खराब रिजल्ट आने पर उनके पिता ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि IIT जाने का सपना देख रहे हो, पहले पास होने लायक नंबर तो लेकर आओ।
इसके बाद उन्होंने मेहनत की और JEE Main तथा JEE Advanced की परीक्षा पास की। वर्ष 2011 में उन्होंने IIT दिल्ली में केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक में दाखिला लिया। IIT से पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कॉरपोरेट नौकरी शुरू की, लेकिन कुछ समय बाद नौकरी छोड़कर यूपीएससी की तैयारी करने का फैसला किया।
वर्ष 2015 में उन्होंने दिल्ली जाकर यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। शुरुआती प्रयासों में सफलता नहीं मिली। लगातार तीन असफलताओं के बाद भी उन्होंने प्रयास जारी रखा और वर्ष 2021 में यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 381 हासिल कर भारतीय पुलिस सेवा के लिए चयनित हुए।
वर्तमान में मोहिबुल्लाह अंसारी मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी के पद पर तैनात हैं। अमेरिका में प्रस्तावित ‘द एशियन हीरो अवार्ड’ के लिए उनका चयन उनकी पुलिस सेवा, नेतृत्व और लोकसेवा से जुड़े योगदान के संदर्भ में किया गया है। दिसंबर में टाम्पा में होने वाला यह सम्मान समारोह उनके सेवा जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।