-कांटी के राजस्व अधिकारी बसंत कुमार राय हटाए गए, जांच कमेटी गठित
मुजफ्फरपुर। कांटी अंचल में कार्यरत राजस्व अधिकारी बसंत कुमार राय को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है। उन्हें जिला भूमि सुधार प्रशाखा, मुजफ्फरपुर में प्रतिनियुक्त किया गया है। यह कार्रवाई मंगलवार को कांटी विधायक की बैठक के दौरान राजस्व अधिकारी पर लगाए गए गंभीर आरोपों और हंगामे के बाद की गई है।
समाहर्ता कुमार गौरव ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। मामले की जांच के लिए अपर समाहर्ता राजस्व कुमार प्रशांत की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की गई है। कमेटी को आरोपों की जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।

वहीं, कांटी के अंचल अधिकारी मुकेश कुमार को राजस्व अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। बताया गया कि बैठक के दौरान लोगों ने राजस्व अधिकारी पर बिचौलियों और निजी चालक के माध्यम से वसूली कराने समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। इस दौरान काफी हंगामा भी हुआ था।
मामला संज्ञान में आने के बाद समाहर्ता ने कांटी सीओ से रिपोर्ट मांगी थी। सीओ की रिपोर्ट के आधार पर आरोपों को गंभीर मानते हुए जांच का आदेश दिया गया है। जांच पूरी होने तक बसंत कुमार राय जिला मुख्यालय स्थित जिला भूमि सुधार प्रशाखा में प्रतिनियुक्त रहेंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












