-वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से बक्सा भेजी जाएगी बाघिन, विशेषज्ञों की टीम करेगी चयन
बिहार। बिहार के इकलौते वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) से पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व में एक बाघिन को स्थानांतरित करने की तैयारी तेज हो गई है। बाघों के पुनर्वास की इस योजना के तहत बाघिन के चयन, पकड़ने और सुरक्षित स्थानांतरण की प्रक्रिया विशेषज्ञों की निगरानी में पूरी की जाएगी। इसी सिलसिले में सुंदरवन टाइगर रिजर्व और बक्सा टाइगर रिजर्व की टीमें वाल्मीकि टाइगर रिजर्व पहुंचेंगी।
वन विभाग के अनुसार, फिलहाल वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से एक बाघिन को बक्सा टाइगर रिजर्व भेजने का प्रस्ताव है। हालांकि, इसका अंतिम फैसला राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के आदेश के बाद ही होगा। तैयारियों के बावजूद बाघिन के चयन और स्थानांतरण पर अंतिम मुहर केंद्रीय स्तर की मंजूरी के बाद ही लगेगी।
बाघिन के चयन के लिए वाल्मीकि टाइगर रिजर्व, बक्सा और सुंदरवन टाइगर रिजर्व के अधिकारियों के साथ भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून के विशेषज्ञों की संयुक्त टीम अध्ययन करेगी। टीम संभावित बाघिनों की उम्र, स्वास्थ्य, व्यवहार, गतिविधियों और स्थानांतरण के लिए उनकी उपयुक्तता का बारीकी से आकलन करेगी। सभी पहलुओं की जांच के बाद ही किसी एक बाघिन को स्थानांतरण के लिए चिन्हित किया जाएगा।

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के वन संरक्षक सह निदेशक गौरव ओझा ने बताया कि फिलहाल एक बाघिन को बक्सा भेजे जाने की संभावना है, लेकिन अंतिम निर्णय राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के आदेश पर निर्भर करेगा। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से सुंदरवन और बक्सा टाइगर रिजर्व की टीमें वाल्मीकि टाइगर रिजर्व पहुंच रही हैं। यहां स्थानीय वन विभाग, भारतीय वन्यजीव संस्थान के विशेषज्ञों और दोनों टाइगर रिजर्व के अधिकारियों की संयुक्त जांच होगी।
बाघिन का चयन होने के बाद उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके साथ ही उसकी चिकित्सकीय जांच भी कराई जाएगी। अभियान में वन्यजीव विशेषज्ञों के साथ पशु चिकित्सक भी मौजूद रहेंगे। वन विभाग के अनुसार, बाघिन की सेहत और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी प्रक्रिया निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत पूरी की जाएगी।
करीब 980 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में शावकों समेत बाघों और बाघिनों की कुल संख्या करीब 70 बताई जा रही है। ऐसे में यहां से एक बाघिन का चयन कर पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व में स्थानांतरित करने की कवायद वन्यजीव संरक्षण और बाघों के पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।












