-पीएम सूर्य घर योजना के विस्तार पर जोर, राम कृपाल यादव बोले- ग्रीन एनर्जी और रोजगार बिहार के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण
पटना। बिहार में स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा को बढ़ावा देने और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के विस्तार को लेकर पटना में ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एल्विन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से किया गया। समारोह में बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
अपने संबोधन में राम कृपाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सौर ऊर्जा को घर-घर पहुंचाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत देश में एक करोड़ घरों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि बिहार में भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नवीकरणीय और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होने से इसका सीधा लाभ आम लोगों और युवाओं को मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रीन एनर्जी, रोजगार और सतत विकास बिहार के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। सरकार स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार में योगदान देने वाली सकारात्मक पहलों को आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी।

कार्यक्रम में एल्विन एनर्जी की ओर से बिहार में 10 लाख रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य बताया गया। कंपनी के अनुसार, इस पहल से राज्य में करीब 20 हजार रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। कंपनी ने राष्ट्रीय स्तर पर एक करोड़ घरों तक रूफटॉप सोलर पहुंचाने और करीब एक लाख रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य भी रखा है।
कार्यक्रम में 3 किलोवाट रूफटॉप सोलर सिस्टम के लिए प्रस्तावित वित्तीय व्यवस्था की जानकारी दी गई। कंपनी के अनुसार पात्र उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार से ₹78 हजार और बिहार सरकार से ₹20 हजार की सहायता के साथ ₹1.02 लाख की राशि बैंक ऋण के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। कंपनी ने करीब ₹23 हजार के उपभोक्ता योगदान को रीबेट के रूप में माफ करने की बात भी कही।
कंपनी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य बिहार में सौर ऊर्जा का विस्तार करने के साथ लोगों के बिजली खर्च को कम करने और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। समारोह में हरित ऊर्जा को बिहार के सतत विकास से जोड़ने पर जोर दिया गया।












