Advertisement

ऑर्केस्ट्रा के नाम पर नाबालिग बालिकाओं के शोषण के खिलाफ मधुबनी में बड़ी कार्रवाई, 40 बालिकाओं का रेस्क्यू

-ऑर्केस्ट्रा के नाम पर नाबालिग बालिकाओं के शोषण के खिलाफ मधुबनी में बड़ी कार्रवाई, 40 बालिकाओं का रेस्क्यू

मधुबनी। नाबालिग बालिकाओं का ऑर्केस्ट्रा में कथित शोषण और अवैध रूप से काम कराने की सूचना पर मधुबनी पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान 40 नाबालिग बालिकाओं को रेस्क्यू किया गया। मामले में ऑर्केस्ट्रा संचालक समेत 12 पुरुष और तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग), बिहार, पटना और मिशन मुक्ति फाउंडेशन के निर्देश पर एसपी मधुबनी के आदेश से 14-15 सितंबर की रात विशेष अभियान चलाया गया। साइबर डीएसपी के नेतृत्व में संबंधित थाना, महिला थाना, मानवाधिकार संस्था और चाइल्डलाइन की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर संचालित ऑर्केस्ट्रा में छापेमारी की।


बासोपट्टी, अरेर, बेनीपट्टी, खजौली और लौकहा समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों से बालिकाओं को मुक्त कराया गया। सभी को महिला थाना लाकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि प्रथमदृष्टया नाबालिगों से ऑर्केस्ट्रा में काम कराने के मामले में 15 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। महिला थाना में कांड दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत पुरुष आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की गई है, जबकि रेस्क्यू की गई बालिकाओं को आवश्यक प्रक्रिया के बाद बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस ने कहा कि नाबालिगों के शोषण, अवैध रोजगार और मानव तस्करी जैसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।