-अनियंत्रित ट्रक मटन हाउस में घुसा, दुकान जमींदोज; चालक गंभीर रूप से घायल, बड़ा हादसा टला
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर-हाजीपुर फोरलेन पर बलिया के समीप शुक्रवार की अहले सुबह तेज रफ्तार बालू लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मटन हाउस में जा घुसा। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर जमींदोज हो गई। हालांकि, सुबह का वक्त होने के कारण दुकान में कोई कर्मचारी या ग्राहक मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।

हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला।
गंभीर रूप से घायल चालक को पुलिस की मदद से तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुजफ्फरपुर-हाजीपुर फोरलेन पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। लोगों ने वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण और मार्ग पर प्रभावी निगरानी व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।












