-लालगंज में निर्माणाधीन पुल पर बड़ा हादसा, लॉन्चर भरभराकर गिरा; छह घायल, दो रेफर
वैशाली। लालगंज में भारतमाला परियोजना के तहत एनएचएआई के एनएच-139डब्ल्यू फोरलेन मार्ग के निर्माण के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुल पर काम के दौरान अचानक लॉन्चर भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में कई कर्मचारियों के घायल होने की सूचना है।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को आनन-फानन में लालगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां छह घायल कर्मचारियों का इलाज किया गया। इनमें दो कर्मियों की हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

लॉन्चर गिरने की सूचना मिलते ही निर्माण स्थल पर हड़कंप मच गया। जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल लॉन्चर गिरने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। तकनीकी खराबी, निर्माण कार्य में चूक या किसी अन्य कारण से हादसा हुआ, इसकी जांच की जा रही है। हादसे के बाद निर्माणाधीन परियोजनाओं में सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित मानकों के पालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस और संबंधित विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।












