-बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए सोना-चांदी व्यवसायियों ने दिए 3 लाख 51 हजार रुपये
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। त्रिशूली और भोटेकोशी नदियों में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए जनकपुरधाम के सोना-चांदी व्यवसायियों ने राहत कार्य में सहयोग किया है। जनकपुरधाम सोना-चांदी व्यवसायी संघ की ओर से बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 3 लाख 51 हजार रुपये की चेक राशि सहयोग स्वरूप दी गई।
जनकपुरधाम सोना-चांदी व्यवसायी संघ के अध्यक्ष राजीव कुमार चंदन ने उक्त राशि का चेक मधेश प्रदेश सोना-चांदी व्यवसायी संघ के अध्यक्ष पवन ठाकुर को हस्तांतरित किया। इस दौरान बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने और जरूरतमंदों की सहायता करने पर चर्चा हुई।

इसी क्रम में जनकपुरधाम सोना-चांदी व्यवसायियों की ओर से जनकपुरधाम उद्योग वाणिज्य संघ को 201 ट्रैक सूट भी उपलब्ध कराए गए। ये ट्रैक सूट बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा राहत एवं सहायता अभियान के संयोजक अंबू प्रसाद साह को भी सामग्री उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में जनकपुरधाम उद्योग वाणिज्य संघ के पूर्व अध्यक्ष निर्मल कुमार चौधरी सहित व्यवसायी समुदाय के अन्य लोग मौजूद रहे। व्यवसायियों ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों की मदद करना सामाजिक जिम्मेदारी है और राहत अभियान में हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।












