-Breaking: ईंट लदे 407 ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, युवक गंभीर रूप से घायल
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। राजापाकर-बेलकुंडा मुख्य मार्ग पर महुआ थाना क्षेत्र के सूरतपुर गांव के समीप गुरुवार को ईंट लदे 407 ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एंबुलेंस से इलाज के लिए हाजीपुर भेजा गया।
मृतक की पहचान बाकरपुर पंचायत के निरपुरा गांव निवासी 42 वर्षीय हरिनारायण राम, पिता रामानंद राम के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान सूरतपुर गांव निवासी महेश दास के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विकास कुमार बाइक से हरिनारायण राम को उनके घर पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ईंट लदे 407 ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में हरिनारायण राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। घायल को अस्पताल भेजे जाने के बाद महुआ थाना की डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया। इसके बाद राजापाकर थाना के एएसआई योगेंद्र यादव मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया।
घटना के करीब दो घंटे बाद महुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।












