-500 से अधिक आवाजें, एक संकल्प : 2047 तक विकसित बिहार
गोवा, 6 सितंबर। ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ (LIB) की ओर से रविवार को वास्को द गामा स्थित रवींद्र भवन में ‘विकसित बिहार–विकसित भारत 2047’ विषय पर बिहार विकास सम्मेलन 2026 का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बिहार सहित देश-विदेश से 500 से अधिक नीति-निर्माता, उद्यमी, शिक्षाविद, पेशेवर, पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2047 तक विकसित बिहार के निर्माण के लिए सामूहिक रोडमैप पर मंथन करना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार के विकास में सरकार के साथ-साथ नागरिकों, उद्यमियों, पेशेवरों, सामाजिक संगठनों और प्रवासी बिहारियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने शिक्षा, उद्यमिता, महिला सशक्तीकरण, कौशल विकास और रोजगार सृजन को बिहार के विकास की प्रमुख आधारशिला बताया।
‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ के संस्थापक आईपीएस विकास वैभव ने कहा कि अभियान से देश-विदेश में करीब चार लाख लोग स्वेच्छा से जुड़े हैं, जबकि गोवा चैप्टर में लगभग 600 सहयोगी हैं। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित बिहार का लक्ष्य हासिल करने के लिए राज्य को तेज और निरंतर आर्थिक वृद्धि के साथ शिक्षा, रोजगार और चिकित्सा के अवसरों का विस्तार करना होगा। उन्होंने जातीय विभाजन से ऊपर उठकर सामाजिक एकता, उद्यमिता और नागरिक भागीदारी को बिहार के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक बताया।
विकास वैभव ने बताया कि LIB से करीब 600 स्टार्टअप जुड़े हैं। वर्ष 2028 तक बिहार के प्रत्येक जिले में कम से कम एक ऐसा स्टार्टअप विकसित करने का लक्ष्य है, जो 100 या उससे अधिक लोगों को रोजगार प्रदान करे। वहीं, संगठन की ओर से 20 जिलों में 42 गार्गी पाठशालाओं के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तीकरण के लिए भी कार्य किया जा रहा है।

सम्मेलन में वास्को के विधायक कृष्णा दाजी सालकर, सुलभ इंटरनेशनल की कार्यकारी संयोजक नित्या पाठक, पत्रकार कन्हैया भेलारी, प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद शमाएल अहमद, ‘गोवा समाचार’ की संपादक-प्रकाशक नमिता शरण, आईआरएस अजीत कुमार, प्रो. अशमी रज़ा, संस्कृति मंत्रालय के सलाहकार एवं सामाजिक उद्यमी दीपक ठाकुर सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उद्यमिता, बिहार की संस्कृति- विरासत एवं पहचान, बिहार @ 2047 तथा ‘LIB मातृशक्ति @ 2047—सशक्त नारी, विकसित बिहार’ विषय पर चार प्रमुख सत्र आयोजित किए गए। विभिन्न सत्रों में कई विशेषज्ञों और वक्ताओं ने बिहार के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक विकास को लेकर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर ‘बिहार प्रेरणास्रोत सम्मान’ से आईआरएस अजीत कुमार, विशाल, सदर बायोटेक के सरफराज आलम व प्रशांत मिश्रा, शंकर ज्योति नेत्रालय पटना के मो. अख्तर, कमला प्रसाद, डॉ. विजय कुमार रंजन, संगीता वर्मा, आनंद सिंह, डॉ. लक्ष्य कुमार झा, पी.के. मंडल, आईपीएस सौम्या, पुष्पेंद्र मंडल, संजय सिन्हा, अखिलेश शर्मा, आशीष वर्मा तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह सहित अन्य लोगों को सम्मानित किया गया।
सम्मेलन में पुस्तक विमोचन के साथ ज्योति झा और पल्लवी रानी ने काव्य पाठ भी प्रस्तुत किया। ऑस्ट्रेलिया से शशिकांत और अमेरिका से सुनीता सहित कई प्रवासी बिहारियों ने सम्मेलन में भाग लिया।
LIB के राष्ट्रीय प्रवक्ता रोहित कुमार ने कहा कि गोवा सम्मेलन ने बिहार के विकास में प्रवासी बिहारियों की बढ़ती भूमिका और उनकी प्रतिबद्धता को सामने रखा है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश में रहने वाले बिहारियों की विशेषज्ञता, अनुभव और सहभागिता विकसित बिहार के संकल्प को नई दिशा दे सकती है।
इस संबंध में जानकारी ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ अभियान के राष्ट्रीय मीडिया कोऑर्डिनेटर अनूप नारायण सिंह ने दी।













